हरियाणा के जींद में 40 लाख की ठगी, सरकारी नौकरी लगाने का दिया झांसा; एक गिरफ्तार
सरकारी नौकरी लगवाने का झूठा झांसा देकर लाखों की ठगी करने के मामले में एवीटी स्टाफ ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। एवीटी स्टाफ जींद के इचांर्ज उप निरीक्षक यशवीर सिंह ने बताया कि थाना जुलाना में शिकायतकर्ता अकालगढ़ निवासी जयभगवान ने बताया कि गांव ब्राह्मवास निवासी राजेश, उसकी पत्नी व उसके बेटे ने उसके दो बेटों व रिश्तेदारों को सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।
आरोपित राजेश ने उसे भरोसा दिलाया कि उसका सरकारी विभागों में उच्च स्तर के अधिकारियों से संपर्क है। आरोपित राजेश की बातों पर विश्वास करते हुए उसने अपने दो बेटों व दो रिश्तेदारों को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित ग्राम सचिव परीक्षा में चयन करवाने के लिए आरोपित राजेश को अलग-अलग तारीख में 40 लाख 50 हजार रुपये दिए।
बाद में ग्राम सचिव परीक्षा रद्द होने पर उसने आरोपित राजेश से रुपये वापस मांगे तो उसने रुपये देने से इंकार कर दिया व जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना जुलाना में मुकदमा दर्ज किया गया और आगामी जांच एवीटी स्टाफ जींद द्वारा अमल में लाई गई।
साक्ष्य के आधार पर तीन फरवरी को आरोपित राजेश को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। इस दौरान ने आरोपित राजेश से दो हजार रुपये बरामद किए व आरोपित को अदालत में पेश करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि सरकारी नौकरी या परीक्षा में चयन करवाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को रुपये नहीं दें। इस प्रकार के प्रलोभन से सावधान रहें व किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
