1 अप्रैल से चंडीगढ़ में पानी का बिल में होगी बढ़ोत्तरी|

एनुअल रेकरिंग 5 प्रतिशत फिक्स
रागा न्यूज़, चंड़ीगढ़।
आगामी 1 अप्रैल से चंडीगढ़वासियों को पीने के पानी के लिए और अधिक बिल भरना पड़ेगा। नगर निगम द्वारा 5 प्रतिशत एनुअल रेकरिंग तय की गई है। पहले यह 3 प्रतिशत होती थी। पानी और सीवरेज चार्जेस में यह बढ़ोतरी आम आदमी की जेब पर सीधे असर पाएगी।
पिछले वर्ष चंडीगढ़ प्रशासन ने वर्ष 2023-24 वित्त वर्ष के लिए 5 प्रतिशत वार्षिक बढ़ोतरी को नोटिफाई किया था। निगम ने पिछले वर्ष ही शहर में वाटर टैरिफ में बढ़ोतरी की थी। इसके बाद अब फिर से निगम ने बढ़ोतरी का फैसला लिया है।
बता दें कि निगम शहर में कुल वाटर बिल पर 30 प्रतिशत सीवरेज सेस ले रही है। निगम के मुताबिक काफी लंबे समय बाद यह बढ़ोतरी की गई है। इसके पीछे निगम ने हो रहे नुकसान को कारण बताया है।
उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ प्रशासन ने पिछले वर्ष अलग-अलग स्लैब्स में पानी के दाम को 3 रुपए प्रति किलो लीटर से 20 रुपए तक की वृद्धि की थी। नए रेट 1 अप्रैल से लागू किए गए थे। नए रेट्स के अनुसार, 0-15 किलो लीटर पानी के स्लैब पर 3 रुपए प्रति किलो लीटर की वृद्धि की गई थी। वहीं 16 से 30 किलो लीटर पानी की श्रेणी में 6 रुपए प्रति किलो लीटर की वृद्धि की गई। 31 से 60 किलो लीटर पानी के लिए 10 रुपए प्रति किलो लीटर और 60 किलो लीटर से अधिक पानी की खपत के लिए 20 रुपए प्रति किलो लीटर की वृद्धि की गई थी।