हम अपने दम पर सरकार बनाना और चलाना जानते हैं; पंजाब CM भगवंत मान

पंजाब: 2024 में देश में लोकसभा चुनाव होने वाला है। इस चुनाव को लेकर सभी पार्टियां तैयारी में जुट गई हैं। पिछले 10 साल से देश की सत्ता पर काबिज भाजपा को हराने के लिए विपक्षी पार्टियां एक साथ आ गई हैं। विपक्षी पार्टियों के नए गठबंधन को I.N.D.I.A का नाम दिया गया है। मगर ऐसा लगता है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच पंजाब में सीटों को लेकर चल रहे मतभेद की वजह से I.N.D.I.A गठबंधन में कहीं फूट ना पड़ जाए।
पंजाब में लोकसभा की 13 सीटें हैं। इन सीटों को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच अटकलें लगाई जा रही हैं कि इनके बीच गठबंधन होगा या नहीं। मगर बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के गठबंधन को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।
उनसे जब गठबंधन का सवाल किया गया तब उन्होंने कहा कि, “जब 2024 का चुनाव आएगा तो देश की स्थिति कैसी होगी, यह कोई नहीं जानता। हमें तो यह भी नहीं पता कि देश को क्या नाम दिया जाएगा। पहले उन्होंने(भाजपा) रेलवे स्टेशनों और शहरों के नाम बदले, अब वे देश का नाम बदलना चाहते हैं।”
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आगे कहा कि, ‘आम आदमी पार्टी ने पंजाब में अकेले चुनाव लड़कर 92 सीटों पर जीत दर्ज की। दिल्ली में हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल है। गुजरात में भी हमने अकेले लड़कर 13 प्रतिशत वोट हासिल किए। हमारी पार्टी यह जानती है कि अकेले कैसे लड़ना है और कैसे जीतना है।’