हरियाणा : पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाली जूनियर महिला कोच पर जानलेवा हमला

हरियाणा के पंचकूला में देर रात पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाली जूनियर महिला कोच पर जानलेवा हमला खबर है। महिला कोच रात लगभग 9 बजे पंचकूला में अपनी महिला मित्र के साथ स्कूटी में पेट्रोल डलवाने जा रही थी, इस दौरान सेक्टर-8 में काफी देर से इंतजार कर रही एक काले रंग की एंडेवर ने सर्विस रोड पर उसे टक्कर मारने का प्रयास किया, गनीमत ये रही की महिला कोच बाल बाल बच गई। हालांकि इसके बाद एंडेवर चालक मौके से फरार हो गया।
जूनियर महिला कोच ने इस मामले की शिकायत पंचकूला के सेक्टर 5 थाने में दी है, जिसमें बताया गया है कि हमला करने वाली एंडेवर पंजाब नंबर की थी।
जूनियर महिला कोच ने शिकायत में हमलावर के हुलिए का जिक्र किया है। कोच ने बताया है कि एंडेवर को चलाने वाले व्यक्ति के लंबे बाल थे, और उसने अपने बालों को खोल रखा था। हमले के दौरान उसने मुझे जान से मारने का इशारा किया, जिसके बाद वह तेज गति से अपनी कार में फरार हो गया। हालांकि इस दौरान कई लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए।
जूनियर महिला कोच ने शिकायत में लिखा है कि उसने 29 दिसंबर 2022 को चंडीगढ़ पुलिस में एक शिकायत दी थी। यह शिकायत हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ थी। चंडीगढ़ पुलिस ने तहरीर के आधार पर संदीप सिंह के खिलाफ धारा 342, 354, 354ए, 354 बी, 506 एडेड 509 आईपीसी के तहत दर्ज की गई थी। केस के बाद मुझे लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिसके कारण हरियाणा पुलिस ने मुझे सुरक्षा दी हुई है।