मैंने हरियाणा की रोटी खाई, धाकड़ सरकार चलाईः नरेन्द्र मोदी

0

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने शनिवार को अंबाला में महाविजय संकल्प रैली में चुनावी हुंकार भरी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। साथ ही पाकिस्तान को भी घेरा। मोदी ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए धाकड़ सरकार जरूरी है। मैंने हरियाणा की रोटी खाई है और धाकड़ सरकार चलाई है। इस बार भी प्रदेश में सभी 10 सीटों पर कमल खिलाकर धाकड़ सरकार बनाएं। मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने सैनिकों की कोई बात नहीं सुनी। कांग्रेस ने सैनिकों को हमेशा धोखा दिया और झूठ बोला। कांग्रेस सरकार सैनिकों को लाठी देकर कहती थी कि आतंकियों का मुकाबला करो। हमने सेना को आत्मनिर्भर बनाया। आज हमारी सेना सबसे मजबूत है। श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में किसानों, खिलाड़ियों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों पर फोकस किया। इससे पहले भारत माता की जय के साथ नरेन्द्र मोदी ने संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा यानी हिम्मत, हरियाणा यानी हौसला, तभी तो हरियाणा धाकड़ है धाकड़। इससे पहले पूर्व सीएम मनोहर लाल, अंबाला और कुरुक्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया और नवीन जिंदल ने पीएम मोदी का हरियाणा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया।

 

कांग्रेस ने सबसे पहला घोटाला सेना में ही किया

 

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमारी सेनाओं के फौजियों को धोखा देने का रहा है। देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने भारतीय सेना में ही किया था। बोफोर्स घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, हेलिकॉप्टर घोटाले कांग्रेस के शासनकाल में हुए। कांग्रेस ने भारत की सेनाओं को कमजोर बनाकर रखा। कांग्रेस ने विदेश से हथियार मंगवाने के नाम पर घोटाले किए। श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय में हमारे सैनिकों को कपड़े, जूते, बुलेटप्रूफ जैकेट तक नहीं मिलती थी, उनके पास अच्छी राइफलें तक नहीं थी। जब मोदी सरकार आई तो हमने कहा कि अब ये नहीं चलेगा। मैंने भारत की सेनाओं को आत्मनिर्भर बनाने का अभियान शुरू किया। आज सेना को मेड इन इंडिया के हथियार मिल रहे

हैं।

किसानों के लिए कलस्टर बनाए जा रहे

 

पीएम ने कहा कि आज हरियाणा के किसानों की फसलों को देश की सरकार विदेश में लेकर जा रही है। आज वह सुपर फूड बन चुका है। हरियाणा, राजस्थान के किसानों के लिए सरकार बड़ा अवसर लेकर आई है। हम दो साल से ज्यादा से ज्यादा गोडाउन बनाने पर काम कर रहे हैं। देश में अनाज के भंडारण की दिशा में काम कर रहे हैं। आने वाले समय में आलू, प्याज, टमाटर पैदा करने वाले किसानों के लिए हम कलस्टर बनाने जा रहे हैं।

 

 

अंबाला से दूसरे देशों के लिए हवाई जहाज पकड़ सकेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अंबाला से दिल्ली की कनेक्टिविटी के लिए सरकार काम कर रही है। बहुत जल्द ही आप अंबाला से दूसरे देशों के लिए हवाई जहाज पकड़ सकेंगे। पहले पूर्व सीएम मनोहर लाल की सरकार में और अब नायब सरकार में हरियाणा बड़ा इंडस्ट्रियल हब बन रहा है। यह चुनाव भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए, यह चुनाव भारत को विकसित बनाने के लिए, यह चुनाव देश का प्रधानमंत्री कौन हो, इसके लिए हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अंबाला से बंतो कटारिया, करनाल से मनोहर लाल, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल चुनाव लड़ रहे हैं, आप इन्हें भारी वोटों से विजयी बनाएं। मैं आपसे आशीर्वाद मांगता हूं ज्यादा से ज्यादा मतदान हो यह सीधा-सीधा मोदी के खाते में जाएगा।

 

 

कटारिया को नमन

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज अंबाला के आसमान में राफेल उडता है तो आपको गर्व होता है कि नहीं। साथियों आज मैं आपसे अगले पांच साल के लिए आशीर्वाद मांगने के लिए आया हूं। आप इतनी बड़ी संख्या में यहां आए, मैं आपका बहुत बहुत आभारी हूं। हमारे रतन लाल कटारिया की बरसी है। मैं उन्हें भी अपनी श्रद्धांजलि देता हूं।

 

आज पाक के हाथ में भीख का कटोरा

पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि साथियों जब देश में एक धाकड़ सरकार होती है तो दुश्मन भी कुछ करने से पहले सौ बार सोचता है। आज देखिए, जो पाकिस्तान 70 सालों से भारत को परेशान कर रहा था, जिसके हाथ में बम का गोला रहता था, आज उसके हाथ में भीख का कटोरा है। जब धाकड़ सरकार होती है तो ऐसे ही दुश्मन कांपता है। क्या कोई कमजोर सरकार जम्मू कश्मीर में हालात बदल सकती थी, वह जमाना याद करिए कि कांग्रेस की सरकार थी। हरियाणा की वीर माताएं दिन रात चिंता में रहती थी कि कब किस आतंकी का गोला फट जाए, कब किसी पत्थर से हमारे फौजियों का सिर फट जाए। आज दस साल हो गए सब कुछ बंद हो गया। मोदी की धाकड़ सरकार ने 370 की दीवार गिराई और कश्मीर विकास के रास्ते पर चल पड़ा। कांग्रेस का इतिहास हमारी सेनाओं और फौजियों को धोखा देने का रहा है।

 

 

धाकड़ सरकार ने 370 की दीवार गिराई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि केंद्र की धाकड़ सरकार ने 370 की दीवार गिराई और अब कश्मीर विकास के रास्ते पर चल पड़ा। आज भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। भारत कभी दूसरे देशों से हथियार मांगता था। आज दूसरे देशों को हथियार बेच रहा है। मोदी ने कहा कि इस बार भी धाकड़ सरकार बनाने के लिए पूरा जोर लगा दें और भाजपा को वोट दें।

 

 

सैनिकों को ओआरओपी के 1 लाख 20 हजार करोड़ से भी ज्यादा दिए

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने पूर्व सैनिकों के साथ भी विश्वासघात किया। चार दशक तक कांग्रेस पूर्व सैनिकों को वन रैंक, वन पेंशन के लिए तरसाती रही। 2013 में जब उन्हें लगा कि मोदी उनके लिए एक चुनौती बन गया तो उन्होंने जाते-जाते वन रैंक, वन पेंशन के लिए 500 करोड़ रुपये का बजट में प्रावधान किया। इसके बाद ‘शहजादे’ इस कागज को लेकर हरियाणा में पूर्व सैनिकों के सम्मेलन करते थे, पंजाब में जाते थे, हिमाचल में जाते थे। जब आपने मुझे सेवा का अवसर दिया तो मैंने डंके की चोट पर वन रैंक, वन पेंशन का वायदा पूरा किया। उन्होंने 500 करोड़ का खेल खेला था, अब तक हमारी सरकार वन रैंक वन पेंशन के तहत 1 लाख 20 हजार करोड़ से भी ज्यादा अब तक दे चुकी है।

 

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर