पंजाब विधानसभा बजट सत्र के चौथा दिन पर मूसेवाला हत्याकांड पर गरमाया माहौल|

हरियाणा से आ रहे अपराधी-आप विधायक
रागा न्यूज़,चंड़ीगढ़।
पंजाब विधानसभा बजट सत्र के चौथे दिन सदन की कार्यवाही जारी है। सदन में आज मशहूर दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में कांग्रेस और आप के विधायकों के बीच जमकर बहस हुई। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के आप मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल और गुरमीत सिंह मीत हेयर से सवाल जवाब हुए।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड पर कांग्रेस – आप आमने-सामने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में इंसाफ दिलाने की बात उठाई। उन्होंने कहा कि सिद्धू के मां-पिता विधानसभा के बाहर धरने पर बैठे इंसाफ की मांग कर रहे हैं। कहा कि भले ही पंजाब सरकार ने कई आरोपी अरेस्ट किए। पूछा कि सिद्धू के मां-पिता जिन गैंगस्टर व आरोपियों के नाम बता रहे हैं, पंजाब / सरकार उन्हें अरेस्ट क्यों नहीं कर रही।
आप विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि वह सिद्धू मूसेवाला के पिता को मिले और सीएम मान ने भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सीएम मान ने इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया है। उन्होंने आरोप लगाए कि कांग्रेस और शिअद के नेताओं ने हजारों लोगों की मौत पर सियासत की है। इसके बाद आप विधायकों ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
CM मान और बाजवा के बीच भ्रष्टाचार पर बहस
सदन की कार्यवाही के तीसरे दिन सीएम भगवंत मान और कांग्रेस से नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के बीच भ्रष्टाचार के मामले पर जमकर बहस हो चुकी है। मान कह चुके हैं कि भ्रष्टाचार करने वाले सभी कांग्रेसी नेताओं का नंबर आएगा, बस वह थोड़ा इंतजार करें। वहीं बाजवा सीएम मान से सदन सहयोगियों को धमकाने और आपत्तिजनक व्यवहार पर माफी मांगने को कह चुके हैं। ऐसा नहीं होने तक उन्होंने सीएम के सदन में पहुंचने पर कार्रवाई से बायकॉट करने की बात कही है।
पंजाब के 12 साल का क्राइम रिकॉर्ड पेश किया
आप विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर ने पंजाब में बीते 12 साल का क्राइम रिकॉर्ड पेश किया। उन्होंने कहा कि पंजाब आप के कार्यकाल, साल 2022 में दूसरी सबसे कम आपराधिक वारदातें घटित हुई हैं। लेकिन विपक्ष रोजाना आप को बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं पर गैंगस्टरों के सरपरस्त होने के आरोप लगाए ।
हरियाणा से आ रहे हैं अपराधी मीत हेयर ने कहा कि पंजाब में अपराध करने वाले लोग भाजपा शासित प्रदेशों से आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें नर्सरी बनी हुई हैं। यूपी व राजस्थान में क्राइम करने वाले हरियाणा से जाते हैं। उन्होंने NCRB के अनुसार पंजाब को 17वें नंबर पर बताया। आर्म्स एक्ट के तहत हुए अपराध की राष्ट्रीय औसत 4.8 और पंजाब की 1.4 बताई। जबकि हरियाणा की 6, यूपी की 13 और राजस्थान की 17-18 बताई। बावजूद इसके पंजाब को बदनाम किए जाने की बात कही है।
मीत हेयर ने कहा कि कांग्रेस के यूथ का प्रधान गुरलाल बराड़, विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या हुई। सुक्खा कालवां का पुलिस कस्टडी में कत्ल हुआ। अपराध पहले भी होता रहा है लेकिन अब पंजाब को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
इससे पहले कांग्रेस से नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा है कि जब तक सीएम मान सदन सहयोगियों से अपने आपत्तिजनक रवैए पर माफी नहीं मांगते, तब तक उनके आने पर कांग्रेसी विधायक सदन कार्यवाही का बायकॉट करेंगे। उससे पहले तक कांग्रेसी विधायक सदन में मौजूद हैं।
पंजाब सरकार को 10 मार्च को बजट पेश करना है। इस कारण आज के दिन की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले सदन की कार्यवाही के दूसरे दिन स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और कांग्रेसी विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के बीच ट्वीट को सही-गलत बताने पर जमकर बहस हुई थी। यहां तक कि बैंस द्वारा खेहरा के ट्वीट को गलत बताते हुए साइबर सेल से शिकायत करने बारे भी कहा गया है।