दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार पर हमला, माला पहनाने के बहाने युवकों ने मारे थप्पड़.

0

 

कांग्रेस नेता और उत्तर पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार कन्हैया कुमार पर हमला हुआ है. कन्हैया को माला पहनाने के बहाने युवक ने थप्पड़ मारा और उसके दोस्तों ने धक्का दे दिया. इसके अलावा उन पर स्याही भी फेंकी गई है. यह हमला तब हुआ जब वह करतार नगर इलाके में चुनाव प्रचार कर रहे थे. इस घटना के दौरान आम आदमी पार्टी की महिला पार्षद छाया शर्मा के साथ भी बदसलूकी की गई.

जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त कन्हैया के कई समर्थक मौजूद थे. जिसके बाद लोगों ने स्याही फेंकने वाले की पिटाई शुरू कर दी. हमले के बाद खुद कन्हैया ने कहा था कि ‘स्याही फेंकना कोई बड़ी बात नहीं है.’ इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है. कुछ देर बाद कन्‍हैया कुमार एक वीडियो बयान भी जारी कर सकते हैं.

 

पार्षद छाया शर्मा ने लिखित शिकायत दी

आम आदमी पार्टी की पार्षद छाया शर्मा ने बताया कि आज शाम 4 बजे चौथा करतार नगर स्थित सत्यनारायण भवन काउंसलर ऑफिस में कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई. बैठक खत्म होने के बाद जब कन्हैया कुमार और सभी नेता बिल्डिंग से बाहर आ रहे थे तो सात-आठ लोग वहां आए, जिनमें से दो के पास हथियार थे. ये सभी लोग माला पहनाने के बहाने बिल्डिंग में घुसे और कन्हैया कुमार को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया. इसी बीच दो लोगों ने मेरी ठुड्डी पकड़ ली और जान से मारने की धमकी दी.

छाया शर्मा ने कहा कि एक लड़के ने 30 से 40 लोगों पर काली स्याही फेंकी. इस बवाल में कई महिलाएं घायल हो गईं। इस घटना को लेकर पार्षद छाया शर्मा ने लिखित शिकायत दर्ज करायी है.

 

कन्हैया कुमार के कार्यालय का बयान

हमले के बाद कन्हैया कुमार के दफ्तर से आधिकारिक बयान सामने आया है. बयान में कहा गया है, ‘कन्हैया को मिल रहे भारी समर्थन और हार के डर से मौजूदा सांसद मनोज तिवारी परेशान हैं। अपने साथी गुंडों को भेजकर कन्हैया पर हमला कराने की कोशिश की गई है. जनता हिंसा का जवाब 25 मई को वोट से देगी.

 

पूर्णिया सीट से निर्दलीय उम्मीदवार पप्पू यादव ने हमले की निंदा की है. उन्होंने कहा कि कन्हैया पर हमला बेहद दुखद और शर्मनाक है. दिल्ली की महान जनता अब सभी 7 सीटों पर भाजपा की जमानत जब्त करके जोरदार जवाब देगी।

मुकाबला बीजेपी प्रत्याशी मनोज तिवारी से

कांग्रेस के टिकट पर उत्तर पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़ रहे कन्हैया कुमार जेएनयू (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय) छात्र संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कांग्रेस में शामिल होने से पहले भी वह बीजेपी और पीएम मोदी पर हमलावर रहे हैं. वे समय-समय पर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते रहे हैं. बीजेपी के खिलाफ खुलकर बोलने वाले कन्हैया कुमार को जब कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार घोषित किया तो कई कांग्रेस नेताओं ने उनका विरोध भी किया. इस लोकसभा चुनाव में उनका मुकाबला बीजेपी सांसद और प्रत्याशी मनोज तिवारी से है.

 

 

 

 

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *