घर में अकेली देख महिला को 2 नकाबपोशों ने बंधक बनाया, नकाबपोशों ने महिला की चांदी की चूड़ियों को लूटने का प्रयास भी किया

2 नकाबपोश लुटेरों ने घर में घुसकर अकेली महिला को बंधक बना चाकू की नोक पर 80 हजार रुपए लूट लिए। आरोप है कि नकाबपोशों ने महिला की चांदी की चूड़ियों को लूटने का प्रयास भी किया लेकिन महिला के विरोध के बाद नकाबपोश नकदी लेकर फरार हो गए।
वारदात में महिला घायल हो गई जिसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पीड़िता लक्ष्मी देवी (45) ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे वह रसोई में काम कर रही थी। उसका पति विनोद कुमार और बेटा फैक्ट्री गए हुए थे।
इस दौरान उसे घर का मेन गेट खुलने की आवाज आई। जैसे ही रसोई से निकलकर गेट की ओर चलने लगी, तभी 2 नकाबपोश व्यक्तियों ने घर में घुसकर उसे पकड़ लिया और उसके चेहरा कपड़े से बांध दिया। इसके बाद उसे कुर्सी से बांध दिया। उस पर चाकू तान दिया।
करीब 10 मिनट तक घर की तलाशी ली और अलमारी में रखे 80 हजार रुपए लूट कर भाग गए। उसने बताया कि लुटेरों ने उसके हाथ में डाली चांदी की चूडिय़ां भी लूटने का प्रयास किया गया परंतु सफल नहीं हो सके।
उसके हाथ पर दो वार चाकू से वार कर दिया। उसके पति विनोद कुमार ने घर पहुंचकर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पति विनोद कुमार का कहना है कि प्रशासन और पुलिस को घटना को गंभीरता से लेना चाहिए। एसएचओ अजय कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा।
मंगलवार को कोरियर ब्वॉय बन आए थे आरोपी
महिला ने बताया कि आरोपी मंगलवार शाम को भी कोरियर ब्वॉय बनकर आए थे। उससे कहा गया था कि आपका कोरियर आया है। जब उसने कहा कि उन्होंने कोई कोरियर नहीं मंगवाया है। उस समय घर पर सभी मौजूद थे। वह पति से कोरियर संबंधी पूछने गई तो पीछे से वह भाग गए थे।